पीलीभीत। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 के प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी होने के बाद आपत्तियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक करीब 62 आपत्तियां दर्ज की गई। इनमें अधिकतर दूरी और केंद्र निर्धारण को लेकर हैं। आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम समय-सीमा रात 12 बजे तक तय की गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए प्रस्तावित केंद्रों की सूची एक दिसंबर को जारी की गई थी। इस बार 66 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में जिले में 70 केंद्रों पर परीक्षाएं कराई गई थीं। केंद्र निर्धारण पर आपत्तियों के लिए चार दिनों का समय दिया गया था, इसका अंतिम दिन बृहस्पतिवार को था।
शाम तक शिक्षा विभाग को लगभग 62 आपत्तियां प्राप्त हुईं, इनमें अधिकांश विद्यालयों की ओर से दूरी अधिक होने और कुछ संस्थानों को केंद्र न बनाए जाने को लेकर दर्ज कराई गई हैं। कई विद्यालयों को पिछले वर्षों की तरह केंद्र बनने को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। इसमें पूरनपुर का सनातन धर्म कॉलेज भी शामिल हैं। इसके अलावा कई विद्यालयों को केंद्र बनाए जाने को लेकर भी सुझाव दिए गए। डीआईओएस राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक आपत्ति का अवलोकन कर नियमों के अनुरूप निस्तारण किया जाएगा ताकि अंतिम सूची निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से तैयार की जा सके।