पूरनपुर (पीलीभीत)। बिजली चोरी पकड़ने के लिए पावर कॉरपोरेशन की टीम ने पांच स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान घरेलू कनेक्शन पर ई-रिक्शा चार्ज होते मिले। जुर्माना वसूलने के साथ ही टीम ने इन कनेक्शनों को व्यावसायिक कर दिया। इसके अलावा नौ घरों में कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल पकड़ा। इस पर कोतवाली में एफआईआर के तहरीर दे दी गई है।
रविवार को पावर कॉरपोरेशन की टीम ने एसडीओ शोएब अंसारी की अगुवाई में छापा मारा। टीम में जेई हरीशंकर समेत अन्य स्टाफ भी साथ रहा। मोहल्ला रजागंज में कई स्थानों पर टीम पहुंची। यहां पांच घरों में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज होते पकड़े गए। चेक किया गया तो उनके कनेक्शन घरेलू थे। टीम ने सभी से जुर्माना वसूला। इसके बाद पांचों के कनेक्शन व्यावसायिक कर दिए। इसके अलावा तीन घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी। यहां मीटर तक जाने वाली केबल को बीच से काटकर कटिया डाली गई थी। इसके अलावा छह अन्य घरों में एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। इनके कनेक्शन पूर्व में ही बकाया बिल भुगतान न किए जाने पर काटे जा चुके थे।
उधर, एक दिन पूर्व नगर में 15 स्थानों पर पकड़ी गई बिजली चोरी के मामले में रविवार को भी कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकी। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि आरोपियों का नाम-पता तहरीर में स्पष्ट न होने के कारण एफआईआर न लिखी गई। दोबारा संशोधित तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। एसडीओ शोएब अंसारी ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।