पूरनपुर (पीलीभीत)। असम हाईवे पर उदयकरनपुर के पास मंगलवार सुबह साढ़े दस बजेट्रैक्टर से कुचलकर एक अन्य ट्रैक्टर के चालक की मौत हो गई। वह अपने ट्रैक्टर में डीजल खत्म होने पर पंप जा रहा था, तभी दूसरा ट्रैक्टर आ गया और वह उससे कुचल गया।
जान गंवाने वाला चालक रवि (25) थाना बरखेड़ा के गांव उमरिया का रहने वाला था और वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटें ढोता था। मंगलवार को बरखेड़ा के गांव पैनिया में स्थित एक भट्टे से ट्रॉली में ईंट भरने के बाद उन्हें नगर के एक स्थान पर उतारकर वापस घर जा रहा था। साथ में ईंट उतारने वाले मजदूर भी थे। मजदूरों का कहना था कि उदयकरनपुर के पास ट्रैक्टर में डीजल खत्म होने पर रवि डीजल लेने हाईवे किनारे पेट्रोल पंप पर जा रहा था। तभी वह पूरनपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से दब गया। बेहोशी की हालत में साथी मजदूर उसे सीएचसी ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच दूसरे ट्रैक्टर का चालक मौके से भाग गया। रवि के परिवार में माता, पिता के अलावा पत्नी प्रीती और चार साल का पुत्र गौरव है। एसआई वीके द्विवेदी ने बताया कि किस ट्रैक्टर से कुचलकर रवि की मौत हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।