अमरिया (पीलीभीत)। टाइगर रिजर्व से दूर तहसील क्षेत्र के गन्ने के खेतों में डेरा जमाए बाघों की आबादी क्षेत्र में चहलकदमी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब सूरजपुर गांव में परमवीर सिंह के फार्म हाउस के पास बाघ दिखाई दिया। खेत में गन्ने की ट्रॉली लेने जा रहे ट्रैक्टर के सामने बाघ के आ जाने से ड्राइवर के होश उड़ गए। वापस फार्म हाउस पहुंचकर इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंच कर वन अधिकारियों ने जानकारी जुटाई। आबादी क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी को लेकर ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया है।
तहसील अमरिया क्षेत्र के गांव सूरजपुर निवासी परमवीर सिंह ने बताया कि उनका ड्राइवर राम बहादुर शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर लेकर खेत में खड़ी गन्ने से भरी ट्राली को लेने गया था। इसी बीच गन्ने के खेत से निकलकर एक बाघ उसके सामने आ गया। जिसे देख उसके होश उड़ गए और बह ट्रैक्टर लेकर वापस फार्म हाउस लौट आया। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर शनिवार को रेंजर सतेंद्र कुमार चौधरी ने निगरानी टीम के साथ पहुंचकर मौका मुआयना किया। रेंजर सतेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मौका मुआयना कर ग्रामीणों को अलर्ट कर बाघ से बचाव के तरीके बताए गए हैं। क्षेत्र में बाघ की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।