जहानाबाद /पीलीभीत। बिजली चोरी पकड़ने के लिए लखनऊ से आई विजिलेंस टीम की सोमवार को हुई कार्रवाई के बाद दूसरे दिन मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। बिजली चोरी को लेकर संविदा कर्मचारी के पिता पर कार्रवाई होने से साथी संविदाकर्मी विरोध पर उतर आए और एक्सईएन कार्यालय में धरना दिया। जहानाबाद, अमरिया क्षेत्र की घंटों तक बिजली सप्लाई बंद रही। एक्सईएन ने धरना दे रहे कर्मियों से बातचीत कर मामला शांत कराया। जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौटे और बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी।
लखनऊ से आई विजिलेंस टीम के जेई सुरेश कुमार, इंस्पेक्टर शैलेंद्र पाल सिंह ने सोमवार को कस्बा जहानाबाद में बिजली चोरी पकड़ने के लिए कई जगह छापा मारा। करीब 12 घरों में कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल होते पकड़ा। जहानाबाद पुलिस ने मामले में सोमवार रात मोहल्ला काजीटोला निवासी रईस अहमद, जुबैर अहमद, मोहम्मद फईम, मोहल्ला मनिहारन निवासी गुड्डू, जलील अहमद, अकील अहमद, आसिफ, साबिर, मोहल्ला कच्ची हवेली निवासी डॉ. आशिक, मिसरनटोला निवासी रामऔतार और बाजार कटरा निवासी चिम्मनलाल के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
आरोपी चिम्मनलाल का बेटा पावर कॉरपोरेशन का संविदा कर्मचारी है। साथी कर्मचारी के पिता पर हुई कार्रवाई के विरोध में मंगलवार सुबह संविदा कर्मचारी एकजुट हो गए। पहले उन्होंने जहानाबाद सब स्टेशन पर धरना दिया। फिर जिला मुख्यालय स्थित एक्सईएन आवास पर धरने पर बैठे। बताते हैं कि कई इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई। जिससे लोगों को दिन भर बिजली संकट से जूझना पड़ा। दोपहर करीब तीन बजे तहसील दिवस निपटाकर वापस आए पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन असीम कुमार को इसकी जानकारी हुई। कार्यालय पहुंचे और विरोध जता रहे संविदा कर्मियों से बातचीत की। इसके बाद शाम करीब चार बजे कर्मचारी काम पर वापस चले गए। जिसके बाद हालात में कुछ सुधार हो सका। दीपक जौहरी, बलवीर सिंह, संजीव सिंह, सूरजपाल, सुरेंद्र, इंद्र कुमार आदि है।
संविदाकर्मी के पिता पर हुई कार्रवाई के विरोध में बेवजह प्रदर्शन किया जा रहा था। कोई गलत कार्रवाई नहीं हुई है। अब सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। - असीम कुमार, एक्सईएन, पावर कॉरपोरेशन