बीसलपुर (पीलीभीत)। तालाब के बाहर एक मासूम शव पड़ा मिला। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। बच्चा घर से कई घंटे तक लापता रहा। बाद में गांव के बाहर एक तालाब से सटा पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरैनिया रामगुलाम निवासी प्रेमशंकर ने बताया कि वह रविवार को सुबह करीब 8:30 बजे गांव के ही बाहर तालाब में सिंघाड़े तोड़ रहे थे। उनका चार वर्षीय पुत्र अरुण, पांच वर्षीय पुत्री सावित्री, और दो वर्षीय पुत्र सहदेव वहीं थोड़ी दूर हटकर खेल रहे थे। कुछ देर खेलने के बाद अरुण वहां से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। प्रेमशंकर की करीब नौ बजे जब बच्चों पर नजर पड़ी तो उसमें अरुण गायब था। उसने अपने दूसरे बच्चों से अरुण के बारे में पूछा तो वे बता नहीं सके। इसके बाद प्रेमशंकर ने ग्रामीणों की मदद से बच्चे को काफी तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। फिर उसने कोतवाली जाकर बच्चे की गुमशुदगी दर्ज करा दी। कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर जाकर बच्चे को काफी ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। घरवाले रात दो बजे तक अरुण को खोजते रहे। मगर, सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह लगभग आठ बजे कुछ लोग जब गांव के बाहर तालाब के पास घूमने गए, तो किनारे उन्हें बच्चे का शव दिखाई पड़ा। यह बात जब गांव में फैली तो तालाब के किनारे भीड़ जमा हो गई। प्रेमशंकर ने शव की शिनाख्त अपने बेटे अरुण के रूप में की। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव के चेहरे और हाथों पर चोटों के निशान मिले। प्रेमशंकर ने अपने पुत्र की हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ प्रवीण मलिक ने कोतवाल मनीराम के साथ घटना स्थल पर जाकर देखा। घटना से मृतक के पिता प्रेमशंकर, मां नीलम, भाई अनिकेत, ओमपाल और बहन सावित्री समेत पूरे घर में कोहराम मच गया। मृतक अरुण अपने भाई बहनों में चौथे नंबर का था।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद घटना पर किसी तरह की टिप्पणी की जा सकती है। - प्रवीण मलिक, सीओ बीसलपुर