पीलीभीत। प्रत्याशियों के एक लाख से अधिक लेनदेन पर प्रशासन की नजर रहेगी। डीएम ने बुधवार को सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की। बड़े लेनदेन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि अगर किसी के बैंक खाते में असामान्य तरीके से बड़ी राशि का लेनदेन होता है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।
दरअसल बीस फरवरी तक सभी प्रत्याशियों के अपने चुनावी खर्चे का हिसाब-किताब जिला निर्वाचन अधिकारी को देना है। इन दिनों सभी के खर्चे के रिकार्ड भी चेक किए जा रहे हैं। बुधवार को डीएम पुलकित खरे ने सभी शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की। इसमें प्रेक्षक व्यय अभिषेक गौतम मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अगर कोई प्रत्याशी चुनाव के दौरान एक लाख रुपये से अधिक असामान्य तरीके से डालता है या निकालता तो बैंक इसकी सूचना प्रशासन की दी जाए। बिना आरटीजीएस के एक बैंक खाते से दूसरे व्यक्तियों के खातों में भेजी जाने वाली राशि पर भी नजर रखने को कहा गया। प्रत्याशी या उनकी पत्नी, उनके रिश्तेदार के साथ उनकी संस्थाओं, व्यवसायों जो शपथ पत्र में दिए गए उनके बैंक खातों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।