खाद और कीट रसायन की जांच के लिए कृषि विभाग ने शुक्रवार दूसरे दिन भी छापेमार कार्रवाई की। बीसलपुर और पूरनपुर क्षेत्र में की गई छापेमारी में खाद व पेस्टीसाइड के 21 नमूने लिए गए। दुकानें बंद करके भागने वाले दुकानदारों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं।
डीएम के निर्देश पर कृषि अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जिले भर में अभियान चलाकर खाद और कीट रसायन की दुकानों पर छापा मारकर 33 नमूने लिए थे। यह छापामार कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। कृषि उपनिदेशक एके सिंह ने बीसलपुर क्षेत्र में चेकिंग कर आठ नूमने लिए। इनमें सात नमूने पेस्टीसाइड और एक नमूना खाद का लिया गया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने माधोटांडा, घुंघचाई और भूमि संरक्षण अधिकारी भीमसेन ने पूरनपुर में छापेमारी की। इसमें जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने नौ और भूमि संरक्षण अधिकारी ने पांच नमूने लिए। उपनिदेशक खाद की दुकानों पर लगातार दूसरे दिन भी छापेमारी से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। कई दुकानदार शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद करके चले गए। एके सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूरनपुर में चेकिंग कराई गई थी, जहां कई दुकानें बंद मिली। इससे शुक्रवार को दुबारा चेकिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि दुकानें बंद करने वालों को चिह्नित किया गया है। सभी को नोटिस दिया जा रहा है। चेकिंग में दुबारा दुकानें बंद होने पर लाइसेंस निलंबन की चेतावनी दी जाएगी।