पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जान से मारने की नीयत से जहर पिलाने के आरोप के मामले में विवाहिता की मौत पर पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में दहेज हत्या की धारा बढ़ाई है। विवाहिता की पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इस कारण बिसरा सुरक्षित किया गया है।
घटना थाना हजारा के गांव टाटरगंज की है। पुलिस ने गांव निवासी राजपाल सिंह की ओर से मृतका के पति मंजीत सिंह, ससुर कुलवंत सिंह, जेठ रंजीत सिंह के खिलाफ 26 अगस्त को दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की थी। उन्होंने बताया था कि उसने अपनी पुत्री शीला कौर की शादी इसी साल मार्च में गांव के मंजीत सिंह के साथ की थी। एक महीने बाद जब पुत्री से मिलने उसकी ससुराल गया, तब पुत्री ने पति के साथ ही जेठ रंजीत सिंह, सास सुमित्रा कौर, ननद शीला कौर, ससुर कुलवंत की ओर से दहेज में बाइक, सोने की चेन, अंगूठी, फ्रिज की मांग करने की जानकारी दी।
मांग पूरी न होने पर ताना देने, पिटाई करने, घर से निकालने की धमकी देने की जानकारी मिली। पंचायत कर पुत्री का घर बसाने की कोशिश की। मगर पंचायत के दूसरे दिन ही ससुरालियों ने पुत्री को घर भेज दिया। बाद में उसे जान से मारने की नीयत से जहर पिला दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। हजारा एसओ शरद यादव ने बताया कि शीला कौर की 26 अगस्त की रात को मौत हो गई। सूचना पर बुधवार को उसके शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया। रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, इसलिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि दर्ज रिपोर्ट को दहेज हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।