पीलीभीत। जिलाधिकारी ने कम राजस्व वसूली पर एआईजी स्टांप और पट्टे की प्रगति संतोषजनक न होने पर तहसीलदार अमरिया का एक-एक माह का वेतन रोक दिया। गांधी सभागार में गुरुवार को हुई बैठक में डीएम ने कहा कि डीएम ने कहा कि कोरोना संकट काल में आई कमी को दूर करने के लिए राजस्व वसूली समेत सभी कामों की गति तेजी से बढ़ाएं। लापरवाही बरती गई तो सख्त कार्रवाई होगी।
कर करेत्तर और राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम पुलकित खरे ने वाणिज्यकर, स्टांप, आबकारी, परिवहन, बिजली, सामाजिक वानिकी, बाढ़ खंड, मंडी, राजस्व विभाग आदि विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के तहत वसूली की तैयारी करने को कहा। राजस्व वसूली संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने एआईजी स्टांप का एक माह का वेतन रोक दिया, जबकि इस मामले में एआरटीओ अमिताभ राय को सख्त चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलों के तहसीलदारों को निर्देश दिए कि उनकी निगरानी में अमीनवार और आरसी वार रजिस्टर बनाया जाए। सभी आरसी की नियम समय पर वसूली हो। उनका मिलान बैंकों से भी कराएं। इसके अलावा ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर लंबित आय, जाति, मूल, निवास, हैसियत प्रमाण पत्रों का निस्तारण कराया जाए। अमरिया में पट्टा आवंटन में प्रगति कम मिलने पर डीएम ने वहां के तहसीलदार का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।