दिव्यांगों के भरण पोषण के लिए शासन से मिलने वाली पेंशन पर अफसर कुंडली मारे बैठे हैं। ऑनलाइन आवेदन के फार्म बीडीओ/एसडीएम से अग्रसारित न होने के कारण 1250 दिव्यांगों को पेंशन नहीं मिल रही है। दिव्यांगों को विकलांग कल्याण विभाग से पेंशन दी जाती है। इसके लिए दिव्यांगों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इन आवेदनों को संबंधित बीडीओ अथवा एसडीएम के माध्यम से जांच कराने के बाद अग्रसारित किया जाता है। फार्म स्वीकृत हो जाने पर संबंधित के खाते में पेंशन की धनराशि भेजी जाती है। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 1250 दिव्यांगों के आवेदन स्वीकृति के बाद संबंधित बीडीओ/ एसडीएम से अग्रसारित होने के इंतजार में पड़े हैं। फार्म अग्रसारित न होने से पेंशन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि पिछले दिनों समीक्षा बैठक में इसकी स्थिति सामने पर सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर फार्म अग्रसारित करने के निर्देश दिए थे लेकिन सीडीओ के आदेश पर भी कार्रवाई नहीं हुई।
जिले में 1233 दिव्यांगों के आवेदन स्वीकृत पड़े हैं जिन्हें संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करना है। फार्म अग्रसारित होते ही भुगतान करा दिया जाएगा। - महेश प्रसाद, जिला विकलांग जनविकास अधिकारी