पूरनपुर। शारदा नदी पर बना पैंटून पुल बुधवार शाम सूर्य अस्त होने के बाद हटाना शुरू कर दिया गया। अब नदी पार आवागमन को 30 की जगह लोगों को 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। नदी में नाव भी नहीं चलवाई जाएगी।
तहसील क्षेत्र की शारदा पार में 17 ग्राम पंचायतें और करीब एक लाख आबादी है। शारदा नदी पार करने को हर साल पूरनपुर-टाटरगंज रोड पर पैंटून पुल बनाया जाता है। बरसात में बाढ़ की आशंका पर पैंटून पुल 15 जून को हटाने और बाढ़ समाप्त होने पर 15 अक्तूबर को पुल से आवागमन शुरू कराने की तिथियां तय है मगर पिछले कई सालों से निर्धारित तिथि से पहले ही पुल हटा लिया जाता है और निर्धारित तिथि के कई दिन बाद पुल से आवागमन शुरू हो पा रहा है।
सात साल बाद आज निर्धारित तिथि तक पुल से आवागमन रहा। पैंटून पुल हटने पर लोगों को पूरनपुर से शाहजहांपुर के कस्बा खुटार, लखीमपुर के मैलानी, भीरा, पलिया, संपूर्णानगर होते हुए 130 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। हालांकि अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है। बाढ़ की स्थिति न होने पर पुल हटने के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से नाव चलवाने का प्रावधान है मगर अभी नाव नहीं चलेगी।
करीब एक लाख आबादी का होता है आवागमन
पूरनपुर। शारदा पार इलाके में ग्राम पंचायत मुरैनिया गांधीनगर, शांतीनगर, राणा प्रतापनगर, कबीरगंज, विजयनगर, नहरोसा, श्रीनगर, कुठिया गुदिया, सिद्धनगर, भरतपुर, वमनपुर भागीरथ, रामनगर, सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज, बैल्हा, अशोकनगर, शास्त्रीनगर सहित सोलह ग्राम पंचायतों में करीब एक लाख की आबादी है। जिसका आवागमन पुल से होता है।
15 जून को पुल हटाने की तिथि पहले से निर्धारित है। बुधवार को सूर्य अस्त के बाद पैंटून पुल को हटवाना शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार सुबह से पुल से अब आवागमन नहीं हो सकेगा। टेंडर आदि न होने से अभी नाव भी शारदा नदी में नहीं चलवाई जाएगी।
- उदित नारायण, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी