किसानों को कृषि विभाग के साथ साथ अब यूपी डास्प से भी अनुदान पर सोलर पंप मिलेंगे। इसमें किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए किसानों से आवेदन मांगे हैं।
कृषि प्रधान जिले में किसानों को सिंचाई के लिए महंगी डीजल से निजात दिलाने के लिए कृषि विभाग पिछले तीन वर्षों से अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध करा रहा है। अब कृषि क्षेत्र में काम कर रही यूपी डास्प परियोजना की ओर से भी सोलर पंप दिए जाने की योजना है। जिला समन्वयक ने बताया कि जिले के किसानों के लिए क्रमश: दो, तीन व पांच एचपी के सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसमें किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। किसानों को अपने अंश का बैंक ड्राफ्ट बनाकर संस्था को पंप सप्लाई करने वाली कंपनी के नाम से देना होगा।
कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं
यूपी डास्प की ओर से सोलर पंप के लिए फिलहाल जिले को कोई लक्ष्य नहीं दिया गया है। जितने भी किसान आवेदन कर बैंक ड्राफ्ट जमा करेंगे सभी को सोलर पंप देने का प्रयास किया जाएगा।
60275 का लगेगा ड्राफ्ट
दो एचपी के सोलर पंप की कीमत 2.41 लाख रुपये है। इसपर 75 प्रतिशत अनुदान के बाद किसानों को 60275 रुपये का बैंक ड्राफ्ट जमा करना होगा।
छोटे किसान और सब्जी उत्पादकों के लिए मुफीद
सोलर पंप यूं तो छोटे से लेकर बड़े किसान सभी ले सकते हैं लेकिन सब्जी करने वालों के लिए काफी उपयोगी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कम क्षेत्रफल में सिंचाई के लिए यह बेहतर विकल्प हैं।