बिलसंडा क्षेत्र में छह छात्राओं के गलत तरीके से दूसरे विषय में रजिस्ट्रेशन कराने के मामले में डीआईओएस ने तीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों/ प्रबंधकों को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है। नोटिस का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई।
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बिलसंडा पर परीक्षा देने पहुंची रामप्यारी मथुराप्रसाद इंटर कॉलेज बमरौली की हाईस्कूल छात्रा अंजलि, डाली, नेहा, जयदेवी, शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज की फरहीन व रूपदेवी हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा प्रभजीत कौर को परीक्षा देने से रोक दिया गया था। उक्त छात्राओं के प्रवेश पत्र पर गणित विषय अंकित था, जबकि छात्राएं गृह विज्ञान की परीक्षा देने पहुंची थी। अभिभावकों द्वारा शोरशराबा करने पर केंद्र व्यवस्थापक ओमप्रकाश शर्मा ने मामले से डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा को अवगत कराया गया।
डीआईओएस ने प्रथम दृष्टया उक्त छात्राओं का रजिस्ट्रेशन गलत तरीके से होना पाया। इस सबके चलते छात्राएं गृह विज्ञान की परीक्षा देने से वंचित रह गई। इधर डीआईओएस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रामप्यारी मथुरा प्रसाद इंटर कॉलेज बमरौली, शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज व रुप देवी हायर सेकेंडरी स्कूल बिलसंडा के प्रधानाचार्य/ प्रबंधकों को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है। छत्तीस घंटे के भीतर नोटिस का जवाब न देने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। इस संबंध में डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के बाद पूर्व में हुई त्रुटियों को दुरुस्त कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद कॉलेजों द्वारा की गई गलती को दुरुस्त नहीं कराया गया है। संबंधित कॉलेजों के प्रधानाचार्यों/ प्रबंधकों को नोटिस भेजकर अभिलेखों सहित तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न देने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।