पीलीभीत। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं हैं। मगर कोरोना संक्रमण को लेकर रैली और सभाओं पर रोक लगी है। ऐसे में सोशल मीडिया और वर्चुअल सभा के लिए उम्मीदवार को प्रशासन से अनुमति लेने के जरूरत नहीं है। पांच लोग घर-घर जाकर भी प्रचार कर सकते हैं।
जिले में इन दिनों विधानसभा में चुनावी समर चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग राजनैतिक दलों से टिकट की मांग कर रहे हैं। जबकि अभी तक राजनैतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इससे चुनाव लड़ने वाले लोग अंदर खाने जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। जबकि रैली और जनसभाओं पर कोरोना संक्रमण को लेकर पहले 15 जनवरी तक रोक लगाई गई थी। इसके बाद अब 23 जनवरी तक रोक बड़ा दी गई है। इससे चुनाव का प्रचार प्रसार करने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे लोगों के लिए सोशल मीडिया, वर्चुअल सभा, इंटरनेट के माध्यम से लाइव सभा, इंडोर में कोविड प्रोटोकाल के तहत सभा करने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि अनुमति को लेकर अगर कोई आवेदन करता है, तो वह मानक के अनुरूप जनसभा को लेकर अनुमति दी जाएगी।
सोशल मीडिया, वर्चुअल सभा, पांच लोग घर-घर जाकर सभा कर सकते है। इसको लेकर अनुमति की जरूरत नही है। अगर कोई सभा के लिए आवेदन करता है, तो मानक के अनुसार ही अनुमति दी जाएगी। अभी 23 जनवरी तक रैली और जनसभा पर रोक है। -संदीप यादव, एसडीएम न्यायिक
------------