जहानाबाद की छात्रा ने शिक्षक पर लगाया गंभीर आरोप
डीएम को शिकायती पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार
क्षेत्र के एक कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा ने एक शिक्षक पर सुविधा शुल्क न देने पर छात्रवृत्ति निरस्त कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्राम भानडांडी की रहने वाली रुक्मणी पुत्री छेदालाल ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह क्षेत्र के एक कॉलेज में संस्थागत रूप से कक्षा 11 की छात्रा है। पीड़िता ने कॉलेज में छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसमें मांगे गए समस्त दस्तावेज दाखिल किए गए। आरोप है कि कॉलेज के ही एक शिक्षक ने छात्रवृत्ति पास कराने के लिए उससे पांच सौ रुपये सुविधा शुल्क मांगा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इसे देने में असमर्थ रही। जिसके कारण शिक्षक ने पहले तो उसे धमकाया और बाद में उसकी छात्रवृत्ति ही निरस्त करा दी। जबकि पीड़िता का कहना है कि उसके द्वारा भरे गए आवेदन में कोई कमी नहीं थी। पीड़िता ने सुविधा शुल्क मांगने के आरोप में शिक्षक को दंडित कराने और आवेदन की जांच कराकर छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की है।