बिलसंडा। मंगलवार रात में पशुशाला में आग लगने से चार गोवंशीय पशु एवं पांच बकरियां झुलसकर मर गईं। सूचना पाकर पशु चिकित्साधिकारी गांव पहुंचे और पशुपालक से अग्निकांड की जानकारी ली। राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंबुआ के मजरा शिवनगर गौंटिया में कृपाराम ने अपने घर के सामने ही पशुशाला बना रखी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम को सभी मवेशियों को पशुशाला में बांधने के बाद वह सोने के लिए घर चले गए थे। रात करीब दो बजे घर के पास से निकल रही बरात में शामिल लोगों ने पशुशाला से धुआं निकलते देखा तो शोर मचाने लगे। इसके बाद वह अपने घर से निकल आए। आस पड़ोस मेंं रहने वाले ग्रामीण भी मौके पर आ गए। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के उपाय शुरू कर दिए गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दो गाय, एक बछिया, एक बछड़ा और पांच बकरियां झुलसकर मर चुकी थीं।
सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जगदेव, राजस्व टीम और पुलिस ने बुधवार को सुबह मौके पर पहुंचकर अग्निकांड के बारे में जानकारी लेने के साथ ही जांच-पड़ताल की। पशुपालक के अनुसार आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशुओं के शवों का पोस्टमाॅर्टम कराया है। लेखपाल विवेक दीक्षित का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद पशुपालक को राजस्व विभाग से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। संवाद