दो लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज
न्यूरिया। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा चतुराहा निवासी पूनम देवी ने थाना न्यूरिया में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 22 फरवरी 2023 को न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम कैम निवासी गौरव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति गौरव, सास मंजू देवी, ससुर नेमचंद, देवर प्रमोद व नितेश और ननद प्रीति देवी दहेज से असंतुष्ट थे और उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग पूरी न होने पर 21 अप्रैल को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर 22 अप्रैल को उसके पिता पुलिस को लेकर ससुराल पहुंचे, जहां पुलिस ने उसे बंधनमुक्त कराया। इसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ मायके लौट आई। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। संवाद