न्यू ईयर पार्टी का जबरदस्त क्रेज, पांच जनवरी तक चूका फुल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। न्यू ईयर के जश्न में अभी कुछ दिन बाकी हैं लेकिन इसकी तैयारियां जोरों पर हैं, खासतौर से युवाओं में। शहर के तमाम होटलों में पार्टियों को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सबसे आकर्षण का केंद्र पीलीभीत के जंगलों के बीच चूका स्पॉट है। यहां पांच जनवरी तक की एडवांस बुकिंग हो गई है। सिर्फ हट नहीं बल्कि बड़ी गाड़ियों की भी बुकिंग हो गई है। इस संबंध में पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने बताया कि पांच जनवरी तक चूका फुल हो चुका है। न्यू ईयर पार्टी की तैयारियां चल रही हैं।
बाहर से भी आते हैं सैलानी
न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए सिर्फ जिले के ही नहीं बल्कि दूसरे शहरों से भी लोग यहां आते हैं। कई दिन तक लोग यहां रहकर जमकर पार्टी करते हैं। पीटीआर की तरफ से तो यहां कोई विशेष आयोजन नहीं होता लेकिन लोग अपने स्तर से जरूर यहां कई आयोजन करते हैं।
खास है चूका बीच
टाइगर रिजर्व में शारदा सागर से लगा चूका स्पॉट की हटें लोगों को आकर्षित करतीं हैं। यहां चार हट थारू, एक ट्री हट, एक वाटर हट है। इनकी ऑनलाइन बुकिंग होती है। इसके अलावा जंगल में घूमने के लिए पांच बड़ी गाड़ियां हैं। इनकी भी ऑनलाइन बुकिंग होती है। सोलह जिप्सी हैं। लोग यहां जंगलों की सैर भी जमकर करते हैं।
युवा वर्चुअल पार्टी मनाने की तैयारी में
कोविड के कारण कुछ लोग बाहर जाने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं, लेकिन युवा दोस्तों के साथ जश्न न मनाए ऐसा हो ही नहीं सकता। इस बार वह वर्चुअल तरीके से पार्टी मनाने की तैयारी में हैं। उदित, गजेंद्र, जीशान समेत कई युवाओं का कहना है कि कोविड के कारण बाहर जाने का प्लान नहीं किया है। सोशल मीडिया ग्रुप से जुुड़कर एक दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर बोलेंगे।