पीलीभीत। माला रेंज में डेरा जमाए दो नेपाली हाथियों का उत्पात जारी है। दिन में जंगल और रात होते ही हाथी खेतों की ओर पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंच रहे हैं। मंगलवार रात भी हाथी आधी रात को बाहर निकले और गेहूं की फसल को रौंद दिया।
माला रेंज के जंगल में 20 दिन पूर्व से दो नेपाली हाथी डेरा जमाए हैं। झुंड से बिछड़े हाथी कई दिनों से पुराने रास्ते की ओर नहीं लौट रहे। हाथी दिन में शांत रहते हैं। शाम होते ही जंगल से बाहर निकलकर फसलें आदि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह सिलसिला कई दिन से चल रहा है। पीटीआर और सामाजिक वानिकी की टीम हाथियों की निगरानी में तो जुटी है, लेकिन सक्रियता के आगे टीम हाथियों पर पूरी तरह नजर रखने में सफल नहीं हो पा रही है। मंगलवार रात भी हाथी माला जंगल से निकलकर गजरौला क्षेत्र के दो गांव की सीमा में पहुंचे। हाथियाें ने फेंसिंग को भी मामूली नुकसान पहुंचाया। रेंजर रोबिन सिंह ने बताया कि हाथियों ने मंगलवार को फसलों को नुकसान पहुंचाया है। टीम निगरानी में जुटी हुई है।