पीलीभीत। ऑपरेशन के दौरान पेट में स्पंज छोड़ने और इलाज में लापरवाही से महिला कि मौत मामले में जांच टीम ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। रिपोर्ट में महिला के इलाज में लापरवाही मिली है। इलाज में लापरवाही बरतने वालों में मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल के चिकित्सक शामिल है।
कुछ माह पूर्व शहर के मोहल्ला मिश्रयान गोटिया निवासी उमाशंकर की पत्नी खिलावती की तबीयत खराब हुई थी। इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनका ऑपरेशन किया गया। तबीयत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां भी चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। बाद में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में स्पंज छोड़ने का आरोप लगाया था। मामले में डीएम ने सीएमओ को जांच कराने के निर्देश दिए थे।
टीम की जांच पूरी हो गई है। बताया जा रहा है महिला के इलाज में लापरवाही मिली है। मेडिकल कालेज के तीन और दो निजी चिकित्सकों की लापरवाही सामने आई है। सीएमओ डॉक्टर आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। महिला के इलाज में लापरवाही की पुष्टि हुई है।