पीलीभीत। बिना गुणवत्ता विकास कार्य कराए सरकारी धनराशि के बंदरबांट के आरोपों में फंसी नगर पंचायत नौगवां पकड़िया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं है। जो मार्ग टीएसी जांच के घेरे में हैं, उन मार्गों की लीपापोती की शिकायत के बाद नगर पंचायत की ओर से निकाले गए विकास कार्यों के अन्य टेंडर भी निरस्त किए गए है। हालांकि अभी टीएसी की कमेटी नगर पंचायत पकड़िया नौगवां के विकास कार्यों की जांच करने पीलीभीत नहीं पहुंची है।
हाल ही में मंडलायुक्त से नगर पंचायत पकड़िया नौगवां की चेयरमैन संदीप कौर व उनके पति संतोख सिंह संधू पर पंचायत की ओर से कराए गए विकास कार्यों में बिना गुणवत्ता के कार्य कराए, सरकारी धनराशि के गबन सहित तमाम जांच बिंदुओं की शिकायत सभासद व अन्य लोगों ने की थी। इस मामले में मंडलायुक्त की ओर टीएसी जांच के आदेश भी दिए गए। लेकिन हाल ही में जिन निर्माण कार्यों की जांच होनी थी, उस पर दोबारा निर्माण कार्य कराने के सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हो गए।
इसको लेकर भी शिकायतकर्ताओं ने दोबारा शिकायत की व टीएसी जांच प्रभावित करने का हवाला दिया व ईओ, लिपिक पर कार्रवाई की मांग की। इधर नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के ईओ एजाज अहमद ने 22 जुलाई को नए 6-7 निर्माण कार्यों के करोड़ों की निविदाएं आमंत्रित की, लेकिन पुरानी जांचें पूरी हुए बिना नए निर्माण कार्यों की निविदा निकलने पर डीएम के आदेश के बाद उसको निरस्त करना पड़ा। हालांकि अभी टीएसी की जांच टीम पंचायत कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए अभी नगर पंचायत क्षेत्र में नहीं पहुंची हैं।
वर्जन-
नौगवां पकड़िया की टीएसी जांच शुरू हुई है। इसी के साथ टेंडर करने के बाद उन्हें निरस्त करने का मामला संज्ञान में आया है। ईओ से पत्रावलियां मांगी है। -प्रशून्य द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व