पीलीभीत जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र में होली के दिन लापता किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। सूचना पर एसपी अविनाश पांडेय ने फोर्स के साथ मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिथरा निवासी रामबहादुर ने 12 मार्च को थाने में अपने पुत्र पूरनलाल उर्फ सागर (16) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि उनका पुत्र 10 मार्च को घर से गायब हो गया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
शुक्रवार को लापता किशोर का शव थाना क्षेत्र के मडरिया पुल के निकट क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। सूचना पर एसपी अविनाश पांडेय, एएसपी विक्रम दहिया समेत अफसर मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल की। फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।