बीसलपुर में कुंडल लूट की शिकार नन्ही देवी संवाद
बीसलपुर। कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक महिला के कान से सोने का कुंडल नोच लिया और गलियों के रास्ते भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
गांव गजरौला निवासी नन्ही देवी पत्नी चंद्रपाल ने बताया कि सोमवार की शाम वह मोहल्ला बख्तावर लाल की एक गली से पैदल गुजर रही थीं। इसी दौरान शिव मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन लोगों ने उनके पास बाइक रोक दी। बाइक पर सवार एक युवक ने उनके बाएं कान से सोने का कुंडल नोच लिया। इसके बाद तीनों उचक्के गलियों के रास्ते भाग गए।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलने पर प्रभारी कोतवाल राजेश सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नोचे गए सोने के कुंडल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का पता लगाने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए गए हैं। संवाद