पीलीभीत। तीन दिन पहले तेज हवा के झोकों के बीच 40 एमएम से ज्यादा हुई बारिश से अभी किसान ठीक से उबर भी नहीं पाए थे कि अचानक फिर से बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगी। दिन में पहले चटक धूप निकली। फिर दोपहर बाद अचानक सूर्य बादलों में छुप गए। बादल छा गए। लगने लगा कि कहीं बारिश न हो जाए। हल्की मध्यम हवा भी चलने लगी। अचानक बदले मौसम से किसानों के दिल की धड़कनें बढ़ गईं कि अब क्या होगा। कहीं बारिश हो गई तो कहीं के नहीं रहेंगे। हालांकि थोड़ी देर बाद धूप निकल आई। तब किसानों की जान में जान पड़ी। मौसम विभाग की ओर से अभी दो दिन तक बादल छाए रहने के अलावा बूंदाबांदी और हल्की मध्यम हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। फिर उसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। दिन में चटक धूप खिलने से गरम कपड़ों की जरूरत महसूस नहीं होगी। सर्दी केवल सुबह-शाम की रह जाएगी।
रविवार को सुबह धूप निकली। मगर, हल्की मध्यम हवा के साथ। फिर अचानक बादल छाए गए और सूर्य बादलों में छुप गए। उसके बाद पूरे दिन कई बार सूर्य निकले और बादलों में छुपे। धूप की तीव्रता भी कभी चटक हो गई तो कभी कम होकर बूंदाबांदी के संकेत देने लगी। हालांकि शाम तक बूंदाबांदी हुई नहीं। दिन का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 11 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। शाम को हवा की रफ्तार घटकर सात से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। लखनऊ आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जेपी गुप्ता का कहना है कि सोमवार को सुबह आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन उसके बाद चटक धूप निकलेगी। दिन में सर्दी न के बराबर होगी, लेकिन रात का तापमान दिन के तापमान की तुलना में 5.0 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाएगा। मंगलवार को भी सुबह बादल छाए रहने और दिन में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मगर, उसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। हल्की मध्यम हवा चलेगी और धूप भी खिलेगी। उसके बाद 26 से 29 फरवरी तक आसमान साफ रहेगा। दिन में चटक धूप खिलेगी। सर्दी का अहसास केवल सुबह-शाम को ही होगा। दिन में हल्की मध्यम हवा चलेगी। धूप की तीव्रता लगातार बढ़ेगी।