नियमित टीकाकरण के तहत वैक्सीन वितरण और कोल्डचेन की ऑनलाइन निगरानी को हुई कार्यशाला में ईविन (इलेक्ट्रानिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क) मोबाइल एप्लीकेशन के प्रयोग की जानकारी दी गई। डीएम ने कोल्ड चेन हैंडलर्स को स्मार्ट फोन वितरित किए।
शहर के एक होटल में बृहस्पतिवार को हुई कार्यशाला का शुभारंभ अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अनीता दत्ता ने किया। उन्होंने ईविन साफ्टवेयर के महत्व पर प्रकाश डाला। संयुक्त निदेशक डॉ. हरीश चंद्रा ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षक अविनाश कुमार, दिनेश सिंह, अवधेश सिंह ने ईविन साफ्टवेयर के संचालन और इस दौरान आने वाली कठिनाइयों के निराकरण की विस्तार से जानकारी दी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि ईविन (इलेक्ट्रानिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क) मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से कोल्ड चेन में वैक्सीन की निगरानी जैसे वैक्सीन बैस्टेज की सटीक जानकारी, वैक्सीन आपूर्ति की समय रहते आपूर्ति करना आदि के बारे में आसानी से पता लगाया जा सकता है। लक्षित लाभार्थियों का बेहतर प्रतिरक्षण कर मातृ शिशु मृत्युदर में कमी लाई जा सकती है। कार्यवाहक सीएमओ डॉ. एके वर्मा ने कोल्डचेन के बेहतर प्रबंधन को सभी कोल्डचेन हैंडलर्सों को ईविन साफ्टवेयर युक्त स्मार्ट फोन के माध्यम से जिम्मेदारी के साथ अंकन करने के निर्देश दिए। इस दौरान कार्यशाला में पहुंचे डीएम मासूम अली सरवर ने कोल्डचेन हैंडलर्स को स्मार्टफोन सौंपे और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों को अंजाम देने के निर्देश दिए। कार्यशाला यूनाइटेड नेशंस डवलमेंट प्रोग्राम के अमित शर्मा व प्रोग्राम आफीसर धनंजय श्रीवास्तव की देखेरेख में संपन्न हुई। इस मौके पर यूनिसेफ के डिस्ट्रिक मोबिलाइजेशन कोआर्डीनेटर फैजान अली, फारुख अजीम, डब्ल्यूएचओ के डॉ. हर्षा आदि मौजूद रहे।