पीलीभीत। परास्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन पूरे होने के बाद उपाधि कॉलेज में मेरिट सूची को चस्पा कर दिया गया है। प्रथम चरण में प्रवेश के लिए विद्यार्थी सूची के आधार पर चार सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया के तहत पहले चरण के आवेदन किए गए थे। तय समय तक आवेदन करने के बाद बुधवार को प्रवेश के लिए उपाधि कॉलेज में मेरिट सूची को चस्पा किया गया। सूची चस्पा होने के बाद बुधवार को कॉलेज में विद्यार्थियों की भीड़ रही।
सूची को देखने के बाद विद्यार्थियों ने प्रवेश संबंधित प्रक्रिया को शुरू किया। उपाधि कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दुष्यंत कुमार ने बताया मेरिट सूची को बुधवार को चस्पा करा दिया गया है। सूची के आधार पर पहले चरण के छात्र चार सितंबर तक प्रवेश ले सकते हैं। दूसरे चरण के प्रवेश को लेकर आवेदन प्रक्रिया चल रही है। यह छात्र भी चार सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। उन्होंने बताया पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन होने के कारण तिथि को बढ़ाया गया है।
एमए प्रथम वर्ष के लिए कट ऑफ मेरिट
उपाधि कॉलेज में चस्पा की गई कट ऑफ मेरिट में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एमए हिंदी के लिए 54 प्रतिशत, अर्थशास्त्र के लिए 45.25, अंग्रेजी 48.80, समाजशास्त्र 63.30 और शिक्षाशास्त्र के लिए 50.58 प्रतिशत कट ऑफ मेरिट रही।