बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव काजरबोझी में बृहस्पतिवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे के सहारे लटकता मिला।
पति वीरपाल बाजार से घर लौटा और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया। इसपर स्वाति (22) फंदे से लटकी मिली।
पति उसे तुरंत नीचे उतारकर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल बरखेड़ा लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी शादी ढाई वर्ष पहले हुई थी और उसका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद