बीसलपुर (पीलीभीत)। बरेली मार्ग के गोवल मोड़ पर शुक्रवार की शाम सड़क हादसे में शाहजहांपुर निवासी विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए।
शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव जिंदपुरा निवासी देव कुमार शुक्रवार की शाम बरेली की ओर से बाइक से नगर को आ रहे थे। बाइक पर उनके पिता बादशाह और उनके गांव में ही रहने वाली उनकी मौसी 60 वर्षीय मीना देवी पत्नी गनपत भी थीं।
रास्ते में गोवल मोड़ पर पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से मीना देवी सड़क पर गिरकर गंभीर से घायल हो गईं। उनका सिर सड़क से टकरा गया, इससे काफी खून निकल गया। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे में देव कुमार और बादशाह भी घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला युवक बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।