कलीनगर। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। जानकारी मिलने पर भाई ने ससुराल पहुंचकर बहन को सुरक्षित बचाया। इसके बाद थाना पहुंचकर तहरीर दी गई। पुलिस ने पति समेत चार नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव दंदौला कॉलोनी निवासी आंचल भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी माधोटांडा क्षेत्र के वीरखेड़ा गांव निवासी अंगद के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था। लेकिन पति समेत ससुराल के लोग दहेज से खुश नहीं हुए। आए दिन प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। नौ माह पूर्व पति से विवाद भी हुआ था। आरोप है कि इसके बाद भी पति अंगद, ससुर तूफानी, सास निर्मला व ननद पार्वती आए दिन मारपीट तथा गालीगलौज करते रहते थे। चार अप्रैल को पति ने विवाहिता के साथ बुरी तरह मारपीट की। विवाहिता ने किसी तरह भाई को मामले की जानकारी दी। इसके बाद भाई मौके पर पहुंचा और किसी तरह विवाहिता को सुरक्षित बचाया।
थाना प्रभारी गौरव बिश्नोई ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति समेत चार नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।