पीलीभीत। जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने कमरे में फंदे पर लटककर जान देने की कोशिश की। समय रहते परिजन और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतार लिया, इससे उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहानाबाद क्षेत्र के रहने वाले युवक ने दिल्ली निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग के बाद विवाह किया था। वर्तमान में वह पति के साथ गांव में रह रही थी। बताया जाता है कि बुधवार शाम किसी बात को लेकर उसका सास-ससुर से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाहिता का घर में जमीन के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद के बाद पति दुकान पर चला गया, जबकि विवाहिता अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद ससुर कमरे में पहुंचे तो बहू को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे नीचे उतारा। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद