जहानाबाद। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि कोर्ट में वाद विचाराधीन होने के बाद भी आरोपी ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर विवाहिता को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव नवादा निवासी पूनम ने एसपी के आदेश पर जहानाबाद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी शादी 27 जून 2022 को न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम खरौसा पिपरिया निवासी प्रकाश के साथ हुई थी। शादी में दिए दहेज से ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। पति के अलावा ससुर तुलसीराम, सास पार्वती, देवर जोगेंद्र व उमाशंकर दहेज के रूप में दो लाख रुपये और एलसीडी की मांग करने लगे।
विवाहिता के साथ मारपीट की जाने लगी। एक माह पूर्व ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। कोर्ट में वाद दायर किया। आरोप है कि मामला विचाराधीन होने के बाद भी पति ने बिना तलाक दिए ग्राम अनवरगंज निवासी दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता का उत्पीड़न
बीसलपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि दो माह पूर्व देवर ने विवाहिता साथ दुष्कर्म किया। कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बे के एक मोहल्ले की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसका निकाह 14 जनवरी 2024 को एक युवक के साथ हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराल के लोग उसका उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि दो माह पूर्व देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। तब से वह अपने मायके में रह रही है।
विवाहिता ने इस बीच कई बार मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद विवाहिता ने मामले की शिकायत एसपी अभिषेक यादव से की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद