गजरौला। शादी के वक्त डाले का अपना अलग ही महत्व होता है, कन्या पक्ष की नजर रहती है कि दूल्हे की ओर से क्या-क्या सामान आया है। कस्बे में एक बरात पहुंचने के बाद इसी डाले को लेकर झगड़ा हो गया, क्योंकि तय हुई साड़ियों की संख्या में तीन की कमी थी। इसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए ौर और मामला थाने तक पहुंचने के बाद शादी टल गई।
कस्बे की एक युवती की बरात सोमवार शाम को पूरनुपर क्षेत्र एक गांव से पहुंची। बरात कई घंटे देरी से आई। इस बात पर लड़की पक्ष के लोग नाराज थे। इसके बाद लड़का पक्ष की ओर से लाए गए सामान में तीन साड़ियां कम निकलीं। इसी बात पर लड़का-लड़की पक्ष में विवाद हो गया। दोनों ओर से गाली गलौज होने लगा। इसकी सूचना लड़की पक्ष ने यूपी 112 पर दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां रात भर दोनों पक्ष थाने में पंचायत करते रहे और फिर मंगलवार सुबह सुलह हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। मगर शादी नहीं हो सकी। लड़की पक्ष के लोगों ने दोबारा सोच-विचार करने की बात कह दी। इस पर बरात वापस लौट गई। मामला पूरे दिन कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा। संवाद