फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा, घनी आबादी में मिला संक्रमित

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। कोरोना संक्रमितों की संख्या में एक बार फिर इजाफा हुआ। एक दिन ब्रेक के बाद मंगलवार को आई रिपोर्ट में चार नए कोरोना संक्रमित निकले हैं। ये सभी दिल्ली से आए थे। इन संक्रमितों में से एक शहर के मोहल्ला कबीर खां का है। ऐसे में शहर में संक्रमण फैलने का दोबारा खतरा मंडरा गया है। इससे पहले शहर में संक्रमित पाए गए पांच में से तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं। मंगलवार को संक्रमित पाए गए चारों लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के लिए शाम को ही टीमें रवाना हो गईं। संपर्क में आने वालों का भी पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन

मंगलवार को शहर में पांचवां संक्रमित मिला। कबीर खां मोहल्ले में संक्रमित पाया गया 42 वर्षीय यह युवक दिल्ली में रेडीमेड कपड़ों का काम करता है। वह 10 जून को पत्नी और तीन बच्चों के साथ दिल्ली से रोडवेज बस से लौटा था। पूरे परिवार को सैंपलिंग करने के बाद 13 जून को होम क्वारंटीन कर दिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम घर पहुंची और युवक को कोविड अस्पताल भर्ती कराया है। अभी उसके परिवार के अन्य लोगों की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।
इसी के साथ शहर को एक बार फिर कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है। पूर्व के पांच में से तीन संक्रमित इलाज के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर घर भेजे जा चुके हैं। सिर्फ मोहल्ला वशीर खां के संक्रमित युवक और जिला अस्पताल परिसर में रहने वाले आयुष्मान मित्र के भाई का इलाज चल रहा है। ऐसे में शहर के जल्द कोरोना मुक्त होने के कयास अफसर लगा रहे थे, मगर अब नया केस सामने आने पर उम्मीदों पर पानी फिर गया है। वहीं जिले में एक्टिव केस की संख्या 41 हो गई है।
विज्ञापन

कैंसर पीड़ित महिला गई थी दवा लेने और आ गई कोरोना की चपेट में
बीसलपुर के गांव अमृताखास की 34 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित निकली है। उसका पति बाल काटने का काम करता है। संक्रमित महिला कैंसर की मरीज है। बीते दिनों वह दवा लेने के लिए पति के साथ दिल्ली गई थी। 12 जून की रात को दंपती रोडवेज बस से वापस गांव लौटे थे। इसी के बाद दंपती का 13 जून को सैंपल लिया गया था। पति की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे कोविड अस्पताल लाने के लिए भेजी गई है।
अकेला दिल्ली से लौटा था ग्यासपुर का संक्रमित
बीसलपुर नगर के मोहल्ला ग्यासपुर का निवासी 40 वर्षीय मजदूर भी कोरोना संक्रमित निकला। वह दिल्ली की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। 12 जून को ही रोडवेज बस से वापस आया था। 13 जून को उसकी सैंपलिंग की गई थी। अब उसकी रिपोर्ट आने पर परिवार के सदस्य और संपर्क में आने वालों को भी तलाशा जा रहा है। इससे पूर्व भी बीसलपुर नगर में संक्रमित मोहल्ला दुबे में मिल चुका है। उसका अभी कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिल्ली से अमरिया आया प्रवासी भी संक्रमित
चौथा संक्रमित अमरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम जिठनिया का है। वह परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग दिल्ली से 11 जून को वापस आए थे। 13 जून को सभी का सैंपल लिया गया। इसके बाद होम क्वारंटीन किया था। उन पांच में से एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, बाकी की आना शेष है। इसी के साथ गांव में भी कोरोना की दहशत बढ़ गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें उसे कोविड अस्पताल लेने को रवाना कर दी गई हैं। उसके परिवार और संपर्क में आने वाले भी तलाश किए जा रहे हैं।
शहर के एक युवक समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी को कोविड अस्पताल भेजने के लिए टीम रवाना हो गई हैं। संपर्क में आने वालों की भी गहनता से पड़ताल कराई जा रही है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें