शहर की एक सराफा दुकान पर गोल्ड ज्वेलरी पसंद करते लोग। संवाद
पीलीभीत। सहालग की शुरुआत से लगातार गिर रहे सोने-चांदी के दाम ने एक ओर जहां कारोबार को चमका दिया है। वहीं, महंगाई के बीच मांगलिक कार्यक्रमों वाले परिवारोंं को काफी राहत दी है। दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लोग भी सोने-चांदी के दाम घटने से ज्वेलरी खरीद रहे हैं। शादी-बरातों की तैयारियों में जुटी महिलाएं भी सुंदर आभूषण खरीदने पहुंच रही हैं।
बीते सप्ताह से लगातार सोने-चांदी पर दाम टूट रहे हैं। शुक्रवार शाम तक 22 कैरेट प्रति दस ग्राम सोने के दाम स्थानीय बाजार में 1.44 लाख रहा, जबकि 2.22 लाख प्रति किलो चांदी के दाम दर्ज किए गए, जबकि पिछले सप्ताह से सोने में 5-7 हजार रुपये प्रति दस ग्राम व चांदी में 16 हजार प्रति किलो की गिरावट हुई। इससे बीच सहालग में टूटे सोने-चांदी के दाम ने सबसे ज्यादा मांगलिक कार्यक्रम, शादी-बरातो में जुटे लोगों व रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाया।
रेट में गिरावट से शुक्रवार को सराफा बाजार पहुंचे लोगों ने पारंपरिक आभूषण बिछुआ, कमरबंद, पायलें आदि की खरीद कीं। लोगों सोने के आभूषण में नए डिजाइन की चेन, अंगूठी, हार, कंगन आदि भी तैयार कराने के लिए ऑर्डर दिया है। लोगो का मानना है कि अगर दाम गिरे है तो दाम ऊपर भी जाएंगे। इससे पहले खरीदारी पूरी कर ली जाए। संवाद