पीलीभीत/ अमरिया। ईरान और अमेरिका में युद्ध का पता चला तो आनन-फानन में तत्काल का टिकट कराकर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह एयरपोर्ट पहुंच गए। एयरपोर्ट पर काफी यात्री थे। एयरलाइन सेवा बंद होने से वापस कमरे पर लौट आए हैं। फ्लाइट रद्द होने से भारत वापस नहीं आ पाया हूं...यह कहना है दुबई के सर्बिया में फंसे अमरिया निवासी ज्योतिष का। उनकी तरह ही जिले कई अन्य युवा भी दुबई, बहरीन आदि देशों में फंसे हैं। हमले के बाद से उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि इन युवाओं ने माहौल शांत होने की जानकारी परिजनों को दी है।
अमरिया निवासी ज्योतिष पुत्र होरी लाल पिछले तीन वर्षों से दुबई में शारजाह से आगे सर्बिया में एक मल्टी नेशनल कंपनी में काम कर रहे हैं। यह शहर हमले वाले स्थान से करीब 150 किमी दूर बताया जा रहा है।
भाई जितिन और अन्य परिजनों ने बताया कि हमले की सूचना मिलते ही ज्योतिष ने तुरंत ही फ्लाइट का टिकट कराया था। उड़ान रद होने से एयरपोर्ट से वापस जाना पड़ा। ज्योतिष ने इसका एक वीडियो भी फेसबुक पर डाला है।
इसमेंं लिखा कि फ्लाइट रद्द होने से वह भारत नहीं आ पाए। बहुत दुखी हूं। उधर, बेटे से बात करने के बाद परिजनों को राहत मिली है। संवाद
रात भर गूंजती रही धमाकों की आवाज, मुश्किल से आई नींद
पीलीभीत। शनिवार की रात हर आधे-एक घंटे पर धमाकों की आवाज गूंजती रही। आंख लगती और धमाके की आवाज से खुल जाती। जैसे-तैसे रात कटी। सुबह 11 बजे के बाद से धमाके की आवाज नहीं आई है। माहौल शांत है। मगर, सरकार की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। यह कहना है शहर के संजय नगर निवासी वर्तमान में दुबई में रहने वाले अभिषेक का। अभिषेक कई सालों से दुबई की कंपनी में इंजीनियर हैं। उन्होंने फोन पर बताया कि यहां सब ठीक है। हमला किसी रिहाइशी इलाके में नहीं हुआ। ड्रोन अटैक और मिसाइलों को ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। इन्हीं के धमाकों की आवाज गूंजती रही। उधर, हमले की जानकारी मिलते ही अभिषेक के परिजनों ने तुरंत ही उनसे संपर्क किया। कॉल और वीडियो कॉल के बाद राहत की सांस ली। संवाद
‘धमाकों की आवाज से दहशत में कटी रात’
पूरनपुर। दुबई में रह रहे पूरनपुर नगर के मोहल्ला रजागंज निवासी मोहम्मद मियां ने भी व्हाट्सएप कॉल पर दहशत का मंजर परिजनों से बयां किया। मोहम्मद मियां चार भाइयों में सबसे छोटे हैं। चार माह पूर्व वह दुबई में कारपेंटर का काम करने गए हैं। भाई शान मोहम्मद ने बताया कि शनिवार रात मोहम्मद मियां की कॉल आई। उसके अलावा मां अनीजन से बातचीत हुई। उसने परिजनों को बताया कि जिस स्थान पर साथियों के साथ रहता हूं। बीती रात उससे कुछ दूरी पर ईरान ने हमला किया। बमबारी की आवाज से इलाका दहल गया। दहशत में रात कटी। इससे परिजन भी घबरा गए। रातभर सलामती की दुआ करते रहे। हालांकि रविवार को मोहम्मद मियां से बातचीत के बाद परिजन ठीक हो सके। परिजनों के अनुसार, मोहम्मद मियां ने बताया कि रविवार को दुबई में स्थिति सामान्य हो गई। संवाद
-
बोले जुल्फीकार, यहां सब ठीक
बहरीन में फंसे अमरिया क्षेत्र के गांव सुकटिया निवासी जुल्फीकार के परिजनों ने रविवार को दिन में कई बार उनसे बात की। अन्य सगे-संबंधियों ने भी बहरीन के हालातों की जानकारी ली। जुल्फीकार ने बताया कि यहां सब ठीक है। उधर, जान-पहचान के लोगों ने जुल्फीकार के परिजनों से भी संपर्क किया है। हालांकि परिजन चिंतित नजर आए।
ज्योतिष की ओर से अपलोड किए गए वीडियो का स्क्रीन शॉट वीडियो ग्रैब
ज्योतिष की ओर से अपलोड किए गए वीडियो का स्क्रीन शॉट वीडियो ग्रैब