पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र से होकर गुजरने वाले मार्गों पर रात्रि के समय वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभारी डीएफओ भरत कुमार डीके ने रेंज अफसरों को जारी आदेश में निर्देश दिए हैं कि वन क्षेत्र से गुजरने वाले सभी मार्गों पर शाम से सुबह तक सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रखा जाएगा। आदेश के अनुसार माला रेंज अंतर्गत पीलीभीत-पूरनपुर, पीलीभीत-माधोटांडा और महोफ रेंज के अंतर्गत माधोटांडा- खटीमा मार्ग में रात्रिकालीन प्रतिबंध लागू रहेगा। हालांकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। वन विभाग का कहना है कि यह निर्णय वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। वहीं आदेश का पत्र वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की विपरीत प्रतिक्रिया सामने आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश मार्ग जंगल से होकर ही गुजरते हैं और जरूरी कार्यों के लिए मुख्यालय या अन्य स्थानों पर रात में जाना पड़ता है। ऐसे में पूर्ण प्रतिबंध से आमजन की परेशानियां बढ़ सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की है, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ आवागमन भी सुचारू बना रहे। संवाद