पीलीभीत। ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सुनगढ़ी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी तीन माह से फरार चल रहा था। उसके पास से अभिलेख भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
मामले में अक्तूबर 2024 में सुनगढ़ी थाने में धोखाड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें कहा गया था कि वाराणसी के थाना सारनाथ के चंद्रा रोड निवासी दिवाकर गुप्ता ने सुनगढ़ी क्षेत्र के गौहनिया चौराहे के निकट स्वामी नारायणनंद महाराज जी आश्रम फाउंडेशन के नाम से एक कार्यालय खोला था। संचालक द्वारा लोगों को धार्मिक ग्रंथ बांटने के नाम पर आठ-आठ हजार रुपये जमा कर सदस्यता दी गई थी। आरोप है कि रुपये जमा करने के बदले बैटरी, सिलाईमशीन, सोलर पैनल और इन्वर्टर देने का लालच दिया गया था।
क्षेत्र के काफी लोग आरोपी के जाल में फंस गए और कुछ समय बाद वह रुपये हड़पकर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए थे। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी दिवाकर गुप्ता को लदपुरा बाइपास के निकट से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से चार मोबाइल, एक टेबलेट, एक पैन ड्राइव के अलावा दो आधार कार्ड की मूल प्रति, दो बैंक चेकबुक, दो नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र और संस्था की रसीदें बरामद की गई हैं।