पीलीभीत रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को पेड़ के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुनगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
मामला मंगलवार सुबह करीब नौ बजे का है। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। चबूतरे के पास पहुंचे लोगों की नजर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस भी पहुंच गई। जांच पड़ताल कर शव की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के तलाशी लेने पर मृतक की जेब में एक पर्चा मिला। इसमें मझोला का पता लिखा था। पुलिस ने पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृतक के कई दिनों से स्टेशन परिसर क्षेत्र में घूमते देखे जाने की बात सामने आई। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं मिले। बीमारी से मौत होने की आशंका जताई गई।
सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 55 साल प्रतीत हो रही है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।