पीलीभीत के जहानाबाद कस्बे के मोहल्ला मिश्रन टोला निवासी 35 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। इसका पता चला तो परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि पांच वर्ष पूर्व इसी कमरे में मृतक के छोटे भाई का शव भी लटकता मिला था।
विज्ञापन
मोहल्ला मिश्रन टोला निवासी वीरेंद्र कुमार (35) पुत्र मोहनलाल मंगलवार की रात करीब नौ बजे खाना खाकर अपने कमरे में गया था। रात करीब 11 बजे परिजनों ने शव लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है।
वीरेंद्र कुमार ने दो शादी की थी। पहली पत्नी के छोड़कर जाने के बाद उसने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी से भी विवाद होता था। विवाद के चलते उसने आत्महत्या कर ली। वीरेंद्र कुमार दो भाई था। बताया गया है कि करीब पांच वर्ष पूर्व छोटे भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसका शव भी इसी कमरे में लटकता मिला था।