पहली पाली में 460 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर
जिले में सोमवार से मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं का आगाज हो गया। जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर हुई प्रथम पाली की परीक्षा में 1111 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 460 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा जिले में एसएन इंटर कॉलेज, वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर, राजकीय इंटर कॉलेज न्यूरिया व एसआरएम इंटर कॉलेज बीसलपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार को पांचों परीक्षा केंद्रों में परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली में मुंशी मौलवी व दूसरी पाली में आलिम, कामिल व फाजिल विषय की परीक्षा हुई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज न्यूरिया, एसएन इंटर कॉलेज व वीरांगना अवंतीबाई बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षाओं का जायजा लिया। वीरांगना अवंतीबाई कॉलेज में पहली पाली के परीक्षा के दौरान आलिम विषय की एक परीक्षार्थी बैठे मिली। परीक्षार्थी को परीक्षा दूसरी पाली में होना बताते हुए परीक्षा कक्ष से हटा दिया गया। पहली पाली में पांचों परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 1571 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1111 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 460 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। इधर शहर के एसएन इंटर कॉलेज में दोनों पालियों में 400 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 150 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि पहले दिन दोनों पलियों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई है। एक परीक्षार्थी जानकारी के अभाव में प्रथम पाली में परीक्षा देने बैठ गई थी, जिसे हटा दिया गया था।
पूरनपुर। मदरसा बोर्ड की परीक्षा के तहत पब्लिक इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. धनपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार को पहली पाली मेें 431 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 115 गैरहाजिर रहे। उन्होंने बताया कि 338 परीक्षार्थियों ने मौलवी की और 93 ने मुंशी की परीक्षा दी।