कलीनगर। माधोटांडा कस्बे में शनिवार रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से शार्ट सर्किट हो गया। इससे माधोटांडा कस्बे के विद्युत उपकेंद्र समेत कई घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। 50 घरों की आपूर्ति भी रात भर ठप रही। रविवार को कर्मचारियों ने आपूर्ति को बहाल किया।
भयंकर गर्मी से आमजन प्रभावित हैं। माधोटांडा कस्बे में शनिवार रात करीब नौ बजे अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। अचानक वोल्टेज हाई होने से विद्युत उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसके अलावा वार्ड तीन के कई घरों में लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरा, पंखे आदि फुंक गए। करीब 50 घरों की आपूर्ति भी रातभर ठप रही।
अवर अभियंता पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के टूटने से फाॅल्ट हो गया था। जिससे दुरुस्त करा दिया गया है।
बंच लाइन जलने से 20 घंटे परेशान रहे उपभोक्ता
पीलीभीत। मोहल्ला साहूकारा में बंच लाइन जलने से 20 घंटे से अधिक समय तक उपभोक्ता परेशान रहे। शनिवार देर रात को गुल हुई बिजली रविवार को देर शाम तक सही नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती उपभोक्ताओं को सताती रही।
शहर के मोहल्ला साहूकार में शनिवार देर रात बंच लाइन जल जाने से इलाके की बिजली गुल हो गई। बंच लाइन जलने से मोहल्ला साहूकारा, दुर्गा प्रसाद, मोहल्ला आसफजान, छाेटी बाजार के उपभाेक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए 20 घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।
बीते कई दिनों से मोहल्ला साहूकारा व आस-पास के क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या बनी हुई थी। दिन के समय में पिंक सिटी में ट्रांसफार्मर में दिक्कत आने की वजह से दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिवनगर कॉलोनी, केजीएन कॉलोनी, हैदरी मस्जिद, बेलों का चौराहा आदि इलाकों के फेस में खराबी की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
इस दौरान लो वोल्टेज व ट्रिपिंग ने भी उपभोक्ताओं को परेशान किया। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि मोहल्ला साहूकारा में बंच लाइन पूरी तरह से जल गई थी, जिसका बदलवा दिया गया है। 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं के साथ-साथ उर्जा निगम के कर्मचारी भी परेशान रहे। देर रात से लेकर सुबह तड़के तक कर्मचारी जगह-जगह होने वाले फॉल्ट को सही करने के लिए इधर से उधर दौड़ते रहे। संवाद
तार टूटने से चार घंटे ठप रही विद्युत आपूर्ति
बीसलपुर। मोहल्ला दुबे में शनिवार की शाम लगभग चार घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे मोहल्ले वालों को काफी दिक्कत हुई।
मोहल्ला दुबे में श्यामलदास की मढ़ी के पास शनिवार की शाम लगभग सात बजे बिजली का तार टूटकर गिर गया था। सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने उस इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। मोहल्ले वालों के बार-बार फोन करने पर एक कर्मचारी टूटा हुआ तार जोड़ने काफी देर बाद आया। कर्मचारी ने रात लगभग 11 बजे तार जोड़ पाया।
उसके बाद मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति शुरू हुई। इस वजह से मोहल्ले में पूरे चार घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। इस बावत ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि तार टूटने की सूचना मिलते ही उन्होंने कर्मचारी तत्काल तार जोड़ने के लिए भिजवाने के निर्देश दे दिए थे। संवाद
व्यापारी नेता ने दी अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की चेतावनी
बीसलपुर। व्यापारी नेता ने अघोषित विद्युत कटौती खत्म न होने पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।
उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राकेश मित्तल ने कहा कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों की अनदेखी के चलते नगर क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह से बड़े पैमाने पर बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली से चलने वाले उद्योग धंधे बुरी तरह बाधित हैं।
इस बीच ऊर्जा निगम के अधिकारियों का ध्यान कई बार आकर्षित कराया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। नगर अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिन के भीतर बिजली की अघोषित कटौती खत्म नहीं हुई तो व्यापार मंडल बिजली उपकेेंद्र के द्वार पर ऊर्जा निगम के विरोध में धरना शुरू कर देगा। संवाद