पीलीभीत। लॉकडाउन किए जाने के बाद से सबसे ज्यादा असमंजस रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए सब्जी, किराना समेत अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों को लेकर बना हुआ था। अभी तक प्रशासन की ओर से इसको लेकर कोई समय सीमा तय नहीं की गई थी। बाजार में भीड़ रोकने के लिए पुलिस दुकानें बंद करा रही थी। कई जगहों पर विरोध का सामना भी करना पड़ रहा था। इसी के साथ आम जरूरतों के दाम भी बढ़ गए थे।
मंगलवार को प्रशासन की ओर से इसकी तस्वीर पूरी तरह से साफ कर दी गई है। खाद्य सामग्री से लेकर इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिकल स्टोर, दूध, अखबार, किराना सामान आदि से जुड़ी दुकानों का समय निश्चित कर दिया गया है। डीएसओ एपी सिंह ने बताया कि दूध और अखबार के हॉकरों को सुबह पांच से आठ बजे तक निकलने की अनुमति रहेगी। सब्जी और किराना की दुकानें सुबह छह से 10 बजे तक खोली जा सकेंगी। उसी समय में लोग अपनी जरूरतों का सामान खरीद सकते हैं। इसके बाद दुकानों को बंद करा दिया जाएगा। मेडिकल स्टोर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुलेंगे। नर्सिंग होम, पेट्रोल पंप 24 घंटे खुले रहेंगे। नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोरों को भी 24 घंटे खोलने की अनुमति दी गई है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। निगरानी के लिए टीमें लगा दी गई है। कालाबाजारी किसी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। अगर कोई उल्लंघन करता पकड़ा जाता है तो कार्रवाई तय है।