पीलीभीत। ऋण मंजूर कराकर धनराशि हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी दिलीप कुमार ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांधी स्टेडियम रोड पर स्थित नीलकंड ट्रेडर्स के मालिक मोहल्ला नखासा निवासी आनंद प्रकाश ने रेफ्रिजरेटर के लिए एक कंपनी से दो अक्तूबर 2022 को 47,589 रुपये का ऋण कराया था। उनके खाते में धनराशि आने के बाद वह रेफ्रिजरेटर लेने आनंद प्रकाश की दुकान पर पहुंचा।
आरोप है कि रेफ्रिजरेटर न होने की बात कहकर मोबाइल लेने व शेष रकम वापस लेने की बात कही। इस पर उसने 14,990 रुपये का मोबाइल ले लिया, शेष राशि उसे नहीं दी गई। आरोप है कि उसके दस्तावजों का प्रयोग कर धोखाधड़ी कर 48 हजार रुपये का दूसरा ऋण भी करा लिया गया। खाते से किस्त कटने पर जब उसने जानकारी की तो धमकाया जाने लगा। पत्नी और पुत्र के साथ भी मारपीट की गई।