पीलीभीत। शहर से सटे बख्शपुर गांव में दो दिन पूर्व चहलकदमी करते हुए देखे गए दो तेंदुओं की दो किलोमीटर आगे खकरा नदी के दायरे में डेरा जमाने की संभावना जताई जा रही है। निगरानी में जुटी सामाजिक वानिकी टीमें तेंदुओं की मौजूदगी को ट्रेस करने में जुटी हैं। इसके बाद पिंजरा लगाकर कैद करने की प्रक्रिया पर जोर दिया जाएगा।
दो दिन पूर्व बख्शपुर गांव में एक ग्रामीण के घर के दरवाजे पर दो तेंदुए की दस्तक से गांव में अफरा-तफरी रही। तेंदुओं की चहलकदमी का वीडियो घर के बाहर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अफसर भी गंभीर हुए थे। क्षेत्रीय रेंजर को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद से टीमें तेंदुओं की चहलकदमी को ट्रेस करने में जुटी थी। टीम के अनुसार, तेंदुओं के गांव से दो किलोमीटर आगे खकरा नदी के नरकुल क्षेत्रों में डेरा जमाय होने की संभावना है। टीमें नियमित निगरानी कर मौजूदगी को ट्रेस कर रही हैं। इसके बाद पिंजरा लगाने पर जोर दिया जाएगा। डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि टीमें निगरानी में जुटी हैं। स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की प्रक्रिया पर अमल किया जाएगा। दो पिंजरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद