समस्याओं का समाधान न होने के विरोध में शुक्रवार को लेखपालों की शुरू हुई बेमियादी हड़ताल तहसीलदार से वार्ता के बाद पखवाड़ा भर के लिए स्थगित हो गई। प्रदर्शनकारी रजिस्ट्रार कानूनगो से मिले लिखित आश्वासन पर माने।
लेखपालों ने 12 दिसंबर और 26 दिसंबर को एसडीएम को ज्ञापन देकर मासिक वेतन माह के प्रथम सप्ताह में दिलाने, सेवा पुस्तिका, जीपीएफ की पास बुक दिखाने और संबंधित लेखपाल के हस्ताक्षर कराने, लेखपाल जाहिद अली का निलंबन काल का जीवन निर्वाह भत्ता और शेष वेतन दिलवाने, लेखपाल रामसनेही का माह जुलाई का वेतन दिलाने, श्यामलाल, कुंवरसेन का जून 2011 से नवंबर 2013 तक का इंक्रीमेंट का एरियर दिलवाने, छठे वेतनमान का 40 प्रतिशत एरियर दिलवाने आदि की मांग की थी। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान 15 जनवरी तक होने पर 16 जनवरी से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके तहत शुक्रवार को लेखपाल बेमियादी हड़ताल पर चले गए। तहसील परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में राजेश कुमार, रामचंद्र, भरतवीर, नन्हें लाल, नंदलाल, दीनदयाल आदि लेखपाल थे। उधर, करीब दो घंटा बाद हड़ताली लेखपालों की तहसीलदार से वार्ता हुई। लेखपाल संघ के तहसील मंत्री राजेश कुमार ने बताया कि वार्ता में रजिस्ट्रार कानूनगो के लिखित आश्वासन पर पखवाड़ा भर के लिए हड़ताल स्थगित कर दी गई। निर्धारित समय में समस्याओें का समाधान न होने पर बेमियादी हड़ताल शुरू कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।