घर पहुंची पत्नी को धक्के देकर निकाला, धमकाया, नंदोई पर छेड़खानी का आरोप
पूरनपुर। दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पत्नी को हरिद्वार छोड़कर उसके पति ने घर आकर दूसरी शादी कर ली। पत्नी के ससुराल पहुंचकर शादी का विरोध करने पर गाली-गलौज कर पिटाई करके घर से धक्के मारकर निकाल दिया गया। जान से मारने की धमकी दी गई।
हजारा थाना पुलिस ने एसपी के आदेश पर पीड़िता की ओर से उसके पति सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि सात अक्तूबर 2022 को उसकी शादी क्षेत्र के गांव में हुई थी। शादी के बाद पति के साथ किराये के मकान में हरिद्वार में रहने लगी। कुछ दिन बाद पति ने दहेज में एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी कर पाने में मजबूरी जताने पर उसकी कई बार पिटाई कर छोड़ देने की धमकी दी गई।
विगत 17 अप्रैल को पति ने उसकी पिटाई की और अपने गांव चला आया। पति का पीड़िता कई दिन तक इंतजार करती रही। आठ मई को मायके और बाद में ससुराल पहुंचने पर उसे एक दिन पहले ही पति के दूसरी शादी करने की जानकारी हुई। कारण पूछने पर उसके पति ने एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी करने की जानकारी दी। आरोप है कि ससुराली उसे धक्के मारकर घर से भगाने लगे। हजारा पुलिस ने पीडि़ता की ओर से उसके पति, सास, ससुर, ननदोई, देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ विधि भूषण मौर्या के अनुसार, मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। संवाद