आम के बाग की रखवाली कर लौटते समय हुआ हादसा
गजरौला। थाना क्षेत्र में सोमवार रात आम के बाग की रखवाली कर घर लौट रहे मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
हादसा थाना क्षेत्र के बिठौरा कला गांव के पास हुआ। बिठौरा कला निवासी रामभरोसे (50) सोमवार रात मुडैला कला स्थित आम के बाग की रखवाली करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह बिठौरा कला गांव के पास पहुंचे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामभरोसे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे की जानकारी मिलने पर उनके पुत्र प्रेमशंकर मौके पर पहुंचे और घायल रामभरोसे को जिला अस्पताल पीलीभीत ले गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मेमो मिलने के बाद गजरौला थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटा रही है। तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद