मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने बीसलपुर क्षेत्र के टेढ़ा लेखराज में सात माह पूर्व हुए ख्यालीराम हत्याकांड में तीन भाईयों पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश बीसलपुर कोतवाल को दिए हैं।
ज्वाला देवी ने कोर्ट में अर्जी देकर बताया कि उसके जेठ ख्यालीराम की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। दूसरी पत्नी के ओमकार, नन्हेंलाल व दुर्गाप्रसाद तीन पुत्र हैं। ये तीनों ख्यालीराम की जमीन और अन्य संपत्ति अपने नाम कराने के लिए विवाद पैदा करते हैं। आठ मई 2015 को तीनों भाई ख्यालीराम को बुलाकर अपने घर ले गए। वहां जमीन अपने नाम कराने को लेकर विवाद हुआ। वहीं पर ख्यालीराम की मारपीट कर हत्या कर दी गई। साक्ष्य को छिपाने के लिए शव झाड़ियों में डाल दिया गया। तलाश करने पर शव झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। शव पर कई जगह चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन तीनों आरोपी भाईयों ओमकार, नन्हेंलाल व दुर्गा प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने बीसलपुर कोतवाल को घटना की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं।