दिल्ली से बहराइच जिले के नानपारा जा रही प्राइवेट बस आसाम रोड पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में घायल बस चालक हापुड़ निवासी रिजवान व परिचालक इमरान, हेल्पर मेरठ निवासी वाहिदनूर व एक यात्री को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। दुर्घटना होने से आसाम हाइवे पर जाम लगा।
घटना रविवार की सुबह करीब छह बजे आसाम रोड पर हरदोई ब्रांच नहर के समीप हुई। बस चालक हापुड़ के सराउनी निवासी रिजवान ने बताया कि दिल्ली से सवारियां लेकर नानपारा जा रहा था। रास्ते में खड़ा खराब ट्रक घने कोहरे के चलते नहीं दिखी और बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक के अलावा हेल्पर एवं बस चालक का भाई इमरान, हेल्पर मेरठ के लतियाना निवासी शाहिद नूर व नानपारा के जमुना बाजार निवासी गुरु प्रसाद चौहान घायल हो गए।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। चालक के अनुसार बस में करीब 20 यात्री सवार थे। घायलों को सीएचसी लाया गया। इलाज के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आसाम रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।